भोपाल के अब्बास नगर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, बारिश के बीच मौके पर पहुंचे एसडीएम

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के अब्बास नगर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, बारिश के बीच मौके पर पहुंचे एसडीएम


भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से शनिवार को अब्बास नगर में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बारिश के बावजूद प्रशासनिक अमला मौके पर डटा रहा और सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया।

कार्रवाई का नेतृत्व बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) एसडीएम रवीशकुमार श्रीवास्तव ने किया। नगर निगम और पुलिस बल की मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे अभियान शुरू हुआ। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणों के साथ ही सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को भी हटाया गया।

एसडीएम श्रीवास्तव ने बताया कि अब्बास नगर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को व्यवस्थित करना और आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

अतिक्रमण वाले क्षेत्रों की तैयार हो रही सूची

हाल ही में बैरागढ़ अनुभाग का प्रभार संभालने वाले एसडीएम श्रीवास्तव ने बताया कि अनुभाग के विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। ऐसे स्थानों की सूची तैयार की जा रही है, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है या सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें। निर्धारित समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान

शनिवार को नगर निगम ने शहर के अन्य प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट सहित कई स्थानों पर सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए, ताकि आम लोगों की आवाजाही सुगम हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story