भिण्डः युवक की गोली लगने से उपचार के दौरान मौत, परिजन ने थाने के सामने लगाया जाम
भिंड, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में दबोह थाना क्षेत्र में रविवार शाम अज्ञात हमलावर ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में से लहार सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने लहार थाने के सामने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार शाम करीब 6.30 बजे युवक अचानक दौड़ता हुआ आया और शराब ठेके के सामने सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि उसकी पीठ में गोली लगी थी। लोगों ने दबोह थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया, जहां से एक अवैध कट्टा मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी मिला है। मृतक की पहचान मुकेश कुरचानियां उर्फ गिर्रोड़े निवासी वार्ड 15, दबोह के रूप में हुई है। जानकारी मिलने पर परिजन युवक के शव को लेकर थाने पहुंचे और चक्काजाम कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

