भिंड में दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक केबिन में फंसा, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
भिंड में दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक केबिन में फंसा, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा


भिंंड, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के नेशनल हाईवे-719 पर दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर के स्टेयरिंग और बोनट के बीच बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब चार बजे जैतपुरा के पास हुआ। डंपर क्रमांक एमपी-07 एएन-6216 का चालक तहसीलदार जाटव, निवासी नगरा वीरवाल (उदी मोड़), सामने चल रहे डंपर एचआर-35 बीए-9666 को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कट लगने से दोनों डंपरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में डंपर चालक रविंद्र सिंह यादव पुत्र राजेश कुमार यादव, निवासी वार्ड क्रमांक-2, अटेर रोड, फूप अपने वाहन के केबिन में स्टेयरिंग और बोनट के बीच फंस गए। हादसे के बाद वह बाहर नहीं निकल सके। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 और मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बरेठा टोल प्लाजा से क्रेन तथा स्थानीय स्तर पर जेसीबी मंगाई गई। पुलिस, मशीन ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 5:30 बजे चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू अभियान में डायल-112 पर तैनात आरक्षक नरेंद्र सिंह कुशवाह और पायलट मोहित परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल चालक को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल उसका उपचार जारी है। मेहगांव थाना पुलिस ने दोनों डंपरों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान कट लगने से हादसा होना सामने आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story