भारतीय किसान संघ द्वारा जबलपुर में 24 जिलों के पदाधिकारियों की प्रांतीय बैठक संपन्न
जबलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय किसान संघ के देशव्यापी सदस्यता अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर में प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के 24 जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना पर चर्चा की। संगठन ने आगामी 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलने वाले सदस्यता अभियान के तहत 7 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि भारतीय किसान संघ प्रत्येक तीन वर्ष में सदस्यता अभियान चलाता है। इस बार अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी है। महानगर प्रचार प्रमुख मनोज मिश्रा के अनुसार, बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल और प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह ने पदाधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को गांव की चौपाल से लेकर संसद तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए किसान शक्ति को संगठित करना जरूरी है। किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी सदस्य संख्या होती है। अधिक से अधिक किसानों के संगठन से जुड़ने पर उनके हितों की लड़ाई को मजबूती मिलेगी। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर किसानों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच प्रदान करना है।
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने सदस्यता अभियान की कार्ययोजना बताते हुए कहा कि प्रांत, जिला, तहसील और ग्राम स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रांत में 3 हजार से अधिक मंडल रचनाएं तैयार की गई हैं। योजना के अनुसार प्रत्येक कार्यकर्ता तीन गांवों का दौरा कर किसानों को संगठन से जोड़ेगा। अभियान के दौरान प्रांतभर में 10 हजार नई ग्राम समितियों का गठन करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद चौधरी, गिरिजा ठाकुर, प्रांत संगठन मंत्री तुलाराम, कार्यालय मंत्री आलोक पटेल, प्रांत मंत्री स्वदेश कोठारी सहित उपाध्यक्ष मोहन तिवारी, विजय गोटियां, मेर सिंह चौधरी और दामोदर पटेल मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जिलों के अध्यक्ष रामदास पटेल, रामकृष्ण सोनी, जितेंद्र पटेल और सरदार पटेल सहित 24 जिलों के संभाग अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

