दमोहः भारतीय मजदूर संघ की देशव्यापी रैली 25 फरवरी को, बैठक में बनी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
दमोहः भारतीय मजदूर संघ की देशव्यापी रैली 25 फरवरी को, बैठक में बनी रणनीति


दमोह, 22 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ द्वारा मजदूरों एवं कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 25 फरवरी को देशव्यापी विशाल रैली एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। दमोह में इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए रविवार को संगठन के समस्त अनुसांगिक संगठनों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभाग प्रमुख धर्मेंद्र चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रवीण तिवारी ने की। जिला मंत्री देवेंद्र चौबे ने बताया कि 25 फरवरी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। बैठक में ज्ञापन प्रभारी एवं सह-ज्ञापन प्रभारी नियुक्त किए गए तथा संगठन की रचना के अनुसार सभी इकाइयों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि जिले में अधिक से अधिक श्रमिकों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कार्यक्रम संख्यात्मक दृष्टि से भव्य हो।

बताया गया कि संगठन के 21वें अखिल भारतीय अधिवेशन में पारित प्रस्तावों के अनुरूप केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान श्रमिकों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने हेतु देशभर में एक साथ आंदोलन किया जाएगा। मजदूर हितों, सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और अन्य प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। दमोह में 25 फरवरी को दोपहर 3:00 बजे बेलाताल टापू पर एकत्रीकरण किया जाएगा। इसके पश्चात रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जिले के समस्त मजदूरों, कर्मचारियों एवं समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर देशव्यापी आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story