सागर : भापेल गांव में दर्दनाक हादसा, खदान में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत
सागर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भापेल गांव में रविवार को एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां पानी से भरी एक खदान में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 3 वर्षीय गजेंद्र नागवंशी और 5 वर्षीय जागेंद्र नागवंशी के रूप में हुई है। एक ही घर के दो चिरागों के अचानक बुझ जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भापेल गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर रहने वाले विनोद नागवंशी के दोनों बेटे गजेंद्र और जागेंद्र दोपहर में घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे पास ही स्थित पानी से भरी खदान की तरफ चले गए। परिजनों को इस बात की कोई भनक नहीं लगी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब परिजन खदान के पास पहुंचे, तो पानी की सतह पर एक बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया। दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत ग्रामीणों तथा मोतीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पहले एक बच्चे का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद दूसरे बच्चे की खोजबीन के लिए गोताखोरों को पानी में उतारा गया। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दूसरे बच्चे के शव को भी खदान से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही, पीड़ित नागवंशी परिवार को शासन के नियमानुसार हर संभव आर्थिक और कानूनी सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

