दतियाः बारिश में छलनी हुआ भांडेर-सरसई मार्ग, जगह-जगह गड्ढों से हादसे का खतरा

WhatsApp Channel Join Now
दतियाः बारिश में छलनी हुआ भांडेर-सरसई मार्ग, जगह-जगह गड्ढों से हादसे का खतरा


भांडेर, 22 अगस्त (हि.स.)। बारिश के मौसम में मप्र के दतिया जिले के भांडेर-सरसई मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा तक नहीं लग पाता। ऐसे में इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भांडेर और सरसई को जोड़ने वाला यह मार्ग काफी समय से रखरखाव के अभाव से जूझ रहा है। लंबे इंतजार और ग्रामीणों की मांग के बाद सड़क का निर्माण पूरा हुआ था, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद कई स्थानों से सड़क उखड़ने लगी। वर्तमान में हालात यह हैं कि कई जगह सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो गया है।

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उन्हें देखकर बचकर निकलना पड़ता है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति अधिक जोखिम भरी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढों की वजह से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

बार-बार मांग के बाद भी नहीं हुआ सुधारग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत और सुधार को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के समय विकास के दावे किए गए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में सड़क कुछ ही समय में जर्जर हो गई।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बदहाल सड़क पर जान जोखिम में डालकर यात्रा करना उनकी मजबूरी बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story