अनूपपुर: अवैध शराब-नशे के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन ने रैली निकाल कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: अवैध शराब-नशे के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन ने रैली निकाल कार्रवाई की मांग


अनूपपुर: अवैध शराब-नशे के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन ने रैली निकाल कार्रवाई की मांग


अनूपपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार और अवैध सप्लाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रैली निकाली। जिला मुख्यालय में नगर भ्रमण के बाद रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को मांग पत्र सौंपा।

संगठन के जिलाध्यक्ष अमित पड़वार के नेतृत्व में सौंपे गए मांग पत्र में शराब, गांजा, स्मैक, नशीली गोलियों, तंबाकू और गुटखा के अवैध कारोबार पर चिंता जताई गई। संगठन का कहना है कि नशे का सबसे अधिक असर युवाओं और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। संगठन ने नशे से जुड़े अपराधों, सड़क दुर्घटनाओं और पारिवारिक विवादों की समस्या बढ़ने का भी दावा किया। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए मांग की गई कि अनूपपुर जिले में ऐसी घटना रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। संगठन ने जिले में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी की।

मांग पत्र नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और स्कूल, कॉलेज तथा छात्रावासों के आसपास नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाने और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों तथा गिरोहों की जांच कराने की मांग भी रखी।

संगठन ने गांवों में बिना नंबर वाले वाहनों से अवैध रूप से शराब पहुंचाने पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा युवाओं के लिए नशा विरोधी जागरूकता शिविर लगाने, नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी सार्वजनिक करने और नशे के कारोबार की शिकायत करने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने की मांग की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story