राजगढ़ः भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश, जनजातीय समाज की प्रतिभाओं का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश, जनजातीय समाज की प्रतिभाओं का किया सम्मान


राजगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को जिले में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, अदम्य साहस और देश की आजादी में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में सामाजिक चेतना और स्वाभिमान की अलख जगाई। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी और भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित अन्य वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया।

स्वरोजगार के लिए छह हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ओमप्रकाश भिलाला, सुरेश कुमार भिलाला और रोहित भिलाला तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत अर्जुन भिलाला, हेमलता भिलाला और मोनिका भिलाला को ऋण स्वीकृति एवं वितरण संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने हितग्राहियों को स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

मेधावी विद्यार्थियों और कलाकार छात्राओं का सम्मान

शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए हेमलता भिलाला को 93.6, पिंटू वर्मा को 94, नेहा को 92.4 और राहुल वर्मा को 88 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पचोर कन्या सीनियर छात्रावास की आठ और राजगढ़ स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या सीनियर छात्रावास की पांच छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए गए।

जनजातीय लोककला और परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया। आयोजन में जनजातीय संस्कृति, विरासत और राष्ट्र निर्माण में समाज के योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव,नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व विधायक प्रताप मंडलोई, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story