बैतूल में खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, मां-बेटे दबे, ग्रामीणों ने मशक्कत कर बाहर निकाला, दोनों की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बैतूल में खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, मां-बेटे दबे, ग्रामीणों ने मशक्कत कर बाहर निकाला, दोनों की हालत गंभीर


बैतूल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूलजिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गेड़ीढाना में सोमवार सुबह मिट्टी की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की छपाई के लिए काली मिट्टी खोद रहे मां-बेटे अचानक मिट्टी का ढेर धंसने से उसके नीचे दब गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें पहले शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, गेड़ीढाना निवासी गेंदा बाई (55) पत्नी चिरौंजी धरनेकर, सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे संजय धरनेकर (35) के साथ घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर काली मिट्टी लेने गई थीं। दोनों मकान की छपाई के लिए मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर धंस गया और मां-बेटे उसके नीचे दब गए।

ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर दोनों को निकाला

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालने के लिए मिट्टी हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद मां-बेटे को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उन्हें तत्काल शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।

ट्रामा सेंटर में चल रहा उपचार

घायल महिला के भांजे जितेंद्र के मुताबिक, परिवार के चार लोग मिट्टी खोदने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी मौसी गेंदा बाई और मौसेरे भाई संजय मिट्टी धंसने से दब गए। दोनों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल मां-बेटे को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों को अंदरूनी चोटें आई हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story