बैतूल में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुलिस से धक्कामुक्की, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

WhatsApp Channel Join Now
बैतूल में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुलिस से धक्कामुक्की, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन


बैतूल में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुलिस से धक्कामुक्की, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन


बैतूल, 03 सितंबर (हि.स.)। छात्रों से जुड़ी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को एनएसयूआई ने बैतूल में प्रदर्शन किया। ऑडिटोरियम से रैली के रूप में निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कलेक्ट्रेट पहुंचने से रोकने के लिए उद्योग कार्यालय के पास बैरिकेडिंग कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंच गए।

प्रदर्शन एनएसयूआई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुआ। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के साथ ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। एनएसयूआईके कार्यक्रम में कांग्रेस की बड़ी भागीदारी भी चर्चा का विषय रही।

बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़े कार्यकर्ता

प्रदर्शनकारी ऑडिटोरियम से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। उद्योग कार्यालय के पास उन्होंने धरना दिया। पुलिस ने मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट जाने पर अड़े रहे और बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बनी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। पानी की बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचने में सफल रहे।

कलेक्टर से मुलाकात के बाद सौंपा ज्ञापन

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी मौके पर ही कलेक्टर को बुलाकर ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद उनकी कलेक्टर से मुलाकात हुई। इसके बाद एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story