बैतूल-नागपुर हाईवे पर डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसा बेकाबू कंटेनर, चपेट में आया बाइक सवार परिवार, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बैतूल-नागपुर हाईवे पर डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसा बेकाबू कंटेनर, चपेट में आया बाइक सवार परिवार, युवक की मौत


बैतूल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट चौड़ा डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 6 साल का बेटा घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के झीटापाटी गांव के पास हुआ। नर्मदापुरम निवासी विकास राव पेशे से इलेक्ट्रिक मैकेनिक थे। रविवार को अपनी पत्नी और 6 साल के बेटे के साथ बाइक से मोहरखेड़ा में एक तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मुलताई की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा में पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक समेत पूरा परिवार कंटेनर के नीचे दब गया और कंटेनर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया। हादसे में विकास राव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बेटा घायल हो गए।

राहगीरों ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर ट्रक के नीचे दबे परिवार को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में पत्नी ने अपने सामने ही पति को दम तोड़ते देखा, जिससे वह गहरे सदमे में है। वहीं बच्चे को भी चोटें आई हैं।

डीजल रिसाव से बढ़ा खतरा

दुर्घटना के बाद खेत में पलटे कंटेनर से बड़ी मात्रा में डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और एहतियात के तौर पर पानी का टैंकर बुलवाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story