बैतूल: कलेक्टर के निर्देश, शत प्रतिशत राजस्व लक्ष्य की पूर्ति करें अधिकारी
- कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
बैतूल, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को आयोजित बैठक में आबकारी विभाग, परिवहन विभाग, खनिज विभाग, जिला उप पंजीयक और वाणीज्य कर विभाग की समीक्षा कर निर्धारित राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली कार्यों में तेजी लाई जाए और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध तत्काल प्रकरण दर्ज कर पेनाल्टी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने अवैध रूप से शराब बिक्री के विरुद्ध राजस्व एवं आबकारी के अमले को संयुक्त निरीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
चेक पोस्ट कर्मचारियों को ड्रेस-आई कार्ड अनिवार्य
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बैठक में आरटीओ को निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से निर्धारित ड्रेस एवं आई कार्ड पहनकर ही ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत की जाए। कलेक्टर ने ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाए। इसके अलावा उन्होंने खनिज विभाग, जिला उप पंजीयक कार्यालय और वाणीज्य कर विभाग को प्राप्त राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
लंबित राजस्व प्रकरणों पर कलेक्टर डॉ. सोनवणे सख्त
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने राजस्व विभाग की भी समीक्षा की। उन्होंने बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, अविवादित एवं विवादित प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व मामलों की तहसीलवार समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित सुनवाई कर शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई हो। अविवादित नामांतरण के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने बैतूल बाजार, चिचोली के रेवेन्यू ऑफिसर को नोटिस देकर वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड अपडेट, राजस्व वसूली और सीमांकन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली में प्रगति लाने के दिए निर्देश
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बैठक के दौरान राजस्व वसूली की तहसीलवार समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा भूमि आवंटन एवं भू-अर्जन से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र एवं समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रास्ता चिन्हांकन, ई-केवाईसी एवं आरसीएमएस से संबंधित लंबित प्रकरणों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और अभियान संबंधी कार्यों को गंभीरता से लिया जाए।
नगर के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बैतूल नगर का भ्रमण कर प्रगतिरत विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए उपयुक्त भूमि का भी तलाश की। उन्होंने गंज सब्जी मंडी में निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने तथा दुकानों को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने सदर बाजार एवं बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण कर विकास कार्यों की सुव्यवस्थित प्लानिंग एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सीएमओ नवनीत पांडे, तहसीलदार बैतूल श्रीमती पूनम साहू, नायब तहसीलदार श्याम सिंह उईके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

