बैतूलः सामूहिक विवाह सम्मेलन में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, एक मुस्लिम जोड़े का हुआ निकाह

WhatsApp Channel Join Now
बैतूलः सामूहिक विवाह सम्मेलन में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, एक मुस्लिम जोड़े का हुआ निकाह


बैतूल, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत मुलताई जनपद के ग्राम चंदौरा में मंगलवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। भव्य आयोजन में 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हिंदू जोड़ों के विवाह संपन्न हुए, वहीं एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी कराया गया।

सामूहिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय राज्य मंत्री उइके ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक बाधाएं दूर हो रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा गरीब परिवार की बेटियों की चिन्ता कर पूरी भव्यता और गरिमा के साथ उनका विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विवाह एक ऐसा संस्कार है, जिसमें पुरुष और प्रकृति एक होकर एकाकार हो जाते है और नव वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर गृहस्थ आश्रम को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से सभी नव युगल दंपतियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

विधायक देशमुख ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है। इससे बेटियों के विवाह में आने वाला आर्थिक बोझ कम हो रहा है और उन्हें सम्मान के साथ नया जीवन शुरू करने का अवसर मिल रहा है।

प्रशासन द्वारा की गई समुचित व्यवस्थाएं

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एसडीएम राजीव कहार के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं में जुटा रहा। सम्मेलन स्थल पर बारातियों और घरातियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। विशाल पंडाल , बैठने की सुविधा समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा की गईं। नवविवाहित जोड़ों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीणजन शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story