बड़वानी: तेंदुए ने बकरी चरा रहे बच्चों पर किया हमला, बचाने दौड़े ग्रामीण, संघर्ष में 5 घायल, तेंदुए की मौत
बड़वानी, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जूनापानी गांव में बुधवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल किनारे बकरियां चरा रहे बच्चों पर एक तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। मासूमों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए से भिड़ गए। इस संघर्ष में पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि तेंदुए की भी मौत हो गई।
जानकारी अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है। गांव के कुछ बच्चे जंगल के पास बकरियां चरा रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपा तेंदुआ अचानक बाहर निकला और एक बच्ची पर झपट पड़ा। बच्चों की चीख सुनते ही आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण दौड़ पड़े और बिना देर किए तेंदुए से मुकाबला शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने लाठियों से हमला कर तेंदुए को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान तेंदुए ने पलटकर हमला कर दिया। इस हमले में जीवन (28), नंदू (45), कल्याण सिंह (52), चिंटू (32) और सुरेश (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। सभी को पहले वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सेंधवा रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हमले और बचाव के दौरान तेंदुआ भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। वह जान बचाने के लिए पास के पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन कुछ ही देर बाद नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। वन विभाग के पहुंचने तक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह 2 से 3 वर्ष का नर तेंदुआ था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मोंटू सोलंकी और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और वन्य जीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

