बड़वानी: आंगनवाड़ी सहायिका से मानदेय के बदले मांगी 5 हजार रुपये की रिश्वत, परियोजना अधिकारी समेत 3 पर केस

WhatsApp Channel Join Now
बड़वानी: आंगनवाड़ी सहायिका से मानदेय के बदले मांगी 5 हजार रुपये की रिश्वत, परियोजना अधिकारी समेत 3 पर केस


बड़वानी: आंगनवाड़ी सहायिका से मानदेय के बदले मांगी 5 हजार रुपये की रिश्वत, परियोजना अधिकारी समेत 3 पर केस


बड़वानी, 02 जून (हि.स.)। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़वानी जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े रिश्वतखोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए 5 हजार रुपये की घूस लेते एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

कार्रवाई आंगनवाड़ी सहायिका का रुका हुआ मानदेय जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई। मामले में परियोजना अधिकारी, विभागीय भृत्य और चाय दुकान संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

लाेकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम संगोदा निवासी उर्मिला सोलंकी आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। उनका सितंबर 2025 से लगभग आठ माह का मानदेय लंबित था। उर्मिला का आरोप है कि रुकी हुई राशि जारी कराने के लिए परियोजना अधिकारी धन्नालाल दांगी और भृत्य दिनेश खतवासे ने उनसे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव और मानदेय नहीं मिलने से परेशान उर्मिला ने इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

पहली किश्त लेते ही दबोचा गया आरोपी

लोकायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को उर्मिला सोलंकी ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपये की राशि दी। भृत्य दिनेश खतवासे के कहने पर यह रकम चाय दुकान संचालक राजेश पाटीदार ने ली। जैसे ही उसने राशि स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और रिश्वत की रकम जब्त कर ली। लोकायुक्त पुलिस ने परियोजना अधिकारी धन्नालाल दांगी, भृत्य दिनेश खतवासे और चाय दुकान संचालक राजेश पाटीदार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई कार्यवाहक डीएसपी आनंद चौहान के नेतृत्व में की गई। टीम में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रणजीत द्विवेदी तथा आरक्षक विजय कुमार, आशीष नायडू, पवन पटोरिया, कमलेश परिहार, मनीष माथुर और प्रभात मोरे शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story