बरगी बांध के गेट कभी भी खुल सकते हैं, नर्मदा घाटों पर 2 से 3 फीट बढ़ सकता है जलस्तर

WhatsApp Channel Join Now
बरगी बांध के गेट कभी भी खुल सकते हैं, नर्मदा घाटों पर 2 से 3 फीट बढ़ सकता है जलस्तर


जबलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर स्थित रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के बरगी बांध का जलस्तर नियंत्रित करने के लिए आगामी 24 घंटे में किसी भी समय जलद्वार खोले जा सकते हैं। परियोजना प्रशासन ने इसकी संभावना को देखते हुए लोगों से मां नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

परियोजना प्रशासन के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे बरगी बांध का जलस्तर 422.85 मीटर दर्ज किया गया। बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 मीटर है। इस तरह वर्तमान जलस्तर निर्धारित पूर्ण जलभराव स्तर से कुछ अधिक पहुंच गया है।

वर्तमान में बांध की वास्तविक उपयोगी जल भंडारण क्षमता 3180 एमसीएम है, जबकि बांध में 3205.50 एमसीएम पानी संग्रहित है। यह कुल क्षमता का 100.80 प्रतिशत है। बांध में फिलहाल 362 क्यूमेक की दर से पानी की आवक हो रही है।

परियोजना प्रशासन ने बताया कि जलभराव क्षेत्र में हुई बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए बांध का जलस्तर नियंत्रित करना आवश्यक है। इसी के मद्देनजर आगामी 24 घंटे के भीतर जलद्वारों से करीब 400 क्यूमेक पानी छोड़े जाने की संभावना है। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद मां नर्मदा के घाटों पर जलस्तर में करीब 2 से 3 फीट तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि बांध में पानी की आवक की स्थिति के अनुसार जल निकासी की मात्रा में कभी भी कमी या बढ़ोतरी की जा सकती है।

परियोजना प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरगी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावित स्थिति को देखते हुए मां नर्मदा के घाटों, नदी के तटीय इलाकों और निचले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा नदी से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story