जबलपुरः बरगी बांध का जलस्तर फुल रिज़र्वायर लेवल के पार

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बरगी बांध का जलस्तर फुल रिज़र्वायर लेवल के पार


जबलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध का जलस्तर अपने फुल रिज़र्वायर लेवल को पार कर गया है। गुरुवार की रात 8:00 बजे दर्ज की गई रिपोर्ट के मुताबिक, बांध का जलस्तर 422.85 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि इसका निर्धारित फुल रिज़र्वायर लेवल 422.76 मीटर है।

वर्तमान में बांध में 3205.50 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी जमा हो चुका है, जो कि इसकी कुल उपयोगी क्षमता का 100.80 प्रतिशत है। कैचमेंट एरिया में लगातार हो रहे जलभराव के कारण बांध में इस समय 356 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड क्यूमेक की औसत रफ्तार से पानी आ रहा है।

डेम से पानी की निकासी की स्थिति इस प्रकार है। राइट बैंक पावर हाउस 190 क्यूमेक, दाएं तट की मुख्य नहर 33 क्यूमेक, कुल निकासी 223 क्यूमेक, नर्मदा नदी में कुल बहाव 190 क्यूमेक

फिलहाल बांध के सभी स्पिलवे गेट बंद हैं, लेकिन आवक की तुलना में निकासी कम होने और जलस्तर 100% से ऊपर बने रहने के कारण आगामी घंटों में जल निकासी के लिए गेट खोले जाने की संभावना बढ़ गई है।

कैचमेंट एरिया में बीते 9 घंटों में औसतन 1.75 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे इस सीजन की कुल वर्षा का आंकड़ा 1201.79 मिमी पर पहुंच गया है।

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बरगी जलाशय में अधिक जलभराव देखा जा रहा है। बीते साल आज ही के दिन (24 सितंबर) सुबह 8 बजे जलस्तर 422.45 मीटर था और बांध अपनी क्षमता का 97.91 प्रतिशत ही भरा हुआ था।

जल संसाधन विभाग की टीम बांध के जलस्तर और कैचमेंट से आ रहे पानी पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि आवक में बढ़ोतरी होती है, तो निचले इलाकों और नर्मदा तटों पर अलर्ट जारी कर स्पिलवे गेट खोले जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story