जबलपुर : बरगी बांध के सभी गेट बंद, जलस्तर 421.15 मीटर पर

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : बरगी बांध के सभी गेट बंद, जलस्तर 421.15 मीटर पर


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना के बरगी बांध में पानी की आवक कम होने के बाद शनिवार शाम 4.30 बजे बांध के सभी गेट बंद कर दिए गए। शनिवार शाम 4 बजे बांध का जलस्तर 421.15 मीटर दर्ज किया गया। इस दौरान बांध में 582 क्यूमेक की दर से वर्षा जल की आवक हो रही थी।

बरगी बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 मीटर निर्धारित है। वहीं, बांध के ऑपरेशनल मैन्युअल के अनुसार 31 अगस्त तक जलस्तर को अधिकतम 422.50 मीटर तक रखा जा सकता है।

पानी की आवक में कमी को देखते हुए बांध प्रबंधन ने जल निकासी के लिए खोले गए सभी गेट बंद कर दिए हैं।

बांध के गेट बंद होने के बाद अब जलस्तर और आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आगामी दिनों में बारिश और जल आवक की स्थिति के आधार पर बांध से पानी की निकासी को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story