बरगी डैम क्रूज हादसे पर देवास में विरोध, युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
बरगी डैम क्रूज हादसे पर देवास में विरोध, युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी


देवास, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे को लेकर मंगलवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनकारी भोपाल चौराहा पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रदर्शन तेज हो गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के पर्यटन मंत्री के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तीन पुतले जलाए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आग बुझाई और स्थिति को नियंत्रित किया। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बरगी डैम में सुरक्षा इंतजामों में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story