जबलपुरः बरगी क्रूज हादसे के पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, मुआवजे की घोषणा के साथ जांच के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बरगी क्रूज हादसे के पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, मुआवजे की घोषणा के साथ जांच के दिए निर्देश


जबलपुर, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी बांध क्षेत्र में हुए क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को जबलपुर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री वेस्ट लैंड क्षेत्र स्थित कामराज आर्य के निवास पहुंचे, जहां इस हादसे में परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो चुकी है, जबकि दो सदस्य अब भी लापता हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने साउथ सिविल लाइन स्थित भसीन रेसिडेंसी में सैयद रियाज हुसैन के घर जाकर उनकी पत्नी रेशमा सैयद के निधन पर शोक व्यक्त किया। रेशमा सैयद की भी गुरुवार शाम इसी क्रूज दुर्घटना में मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरगी पहुंचकर घोषणा की कि राहत और बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस फैसले को स्थानीय लोगों के साहस और मानवता के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। साथ ही, प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में भोपाल के वरिष्ठ सचिव स्तर के अधिकारी और जबलपुर संभाग के संभागायुक्त शामिल हैं। समिति को दुर्घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

सरकार ने प्रदेश में संचालित क्रूज, नौकायान और अन्य वाटर एडवेंचर गतिविधियों के लिए एक समान और सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने का फैसला लिया है। इसमें सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, लाइफ जैकेट की अनिवार्यता और आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपाय शामिल होंगे।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ितों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उन्हें समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, बचाव कार्य में जुटे श्रमिकों का सम्मान कर सरकार ने एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story