सागर : बरायठा में ऑटो पार्ट्स दुकान में भीषण आग, 75 लाख का सामान जला
सागर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की शाहगढ़ तहसील अंतर्गत बरायठा गांव के मुख्य बाजार में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर अत्यधिक मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जैसे वाहन के टायर, इंजन ऑयल और अन्य पार्ट्स रखे होने के कारण आग काफी तेजी से फैली।
घटना की जानकारी सबसे पहले बरायठा थाना पुलिस को मिली, जो रात में इलाके में गश्त पर थी। बाजार में धुआं उठता देख पुलिस तुरंत हरकत में आई और ग्राम पंचायत सरपंच दौलत यादव तथा दुकान मालिक पप्पन उर्फ प्रकाश जैन को इसकी सूचना दी। इसके साथ ही आसपास के रहवासियों को जगाया गया ताकि किसी भी बड़े खतरे को टाला जा सके।
आग की भयावहता को देखते हुए शाहगढ़ और बंडा नगर पालिका से तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। देर रात करीब 2 बजे शुरू हुआ राहत और बचाव कार्य सुबह 7 बजे तक लगातार जारी रहा। पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड की टीम, ग्राम पंचायत और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों तक लपटें नहीं पहुंच पाईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही शाहगढ़ तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आगजनी की इस घटना में दुकान का सारा सामान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। प्रारंभिक आंकलन के मुताबिक व्यापारी को 70 से 75 लाख रुपये का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

