किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने नई दिल्ली में संभाला पदभार

WhatsApp Channel Join Now
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने नई दिल्ली में संभाला पदभार


किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने नई दिल्ली में संभाला पदभार


मंदसौर, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पार्टी ने हाल ही में मंदसौर के वरिष्ठ नेता गुर्जर को किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम मंगलवार सुबह 11 बजे आयोजित हुआ। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद गुर्जर ने संगठन की ओर से दी गई नई जिम्मेदारी के प्रति आभार जताते हुए किसान मोर्चा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

ग्राम पंचायत से राष्ट्रीय संगठन तक का सफर

बंशीलाल गुर्जर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम लालघाटी के सरपंच के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन में जिम्मेदारियां संभालीं। प्रदेश स्तर पर भी उन्होंने पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

किसान नेता के रूप में भी गुर्जर की पहचान बनी। वे लंबे समय तक मंदसौर कृषि उपज मंडी से जुड़े रहे और इस दौरान तीन बार मंडी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। भाजपा किसान मोर्चा में सक्रिय भूमिका के बाद उन्हें मध्यप्रदेश किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया।

इसके बाद गुर्जर ने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। पार्टी संगठन ने उन्हें विभिन्न राज्यों में चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े दायित्व भी सौंपे।

अब पार्टी ने उन्हें किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। उनके पदभार ग्रहण के साथ मंदसौर के राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र में भी इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story