शहडोल: बाणसागर बांध 100 प्रतिशत भरा, दो गेट खुले, सोन नदी में 210 क्यूमेक्स पानी छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: बाणसागर बांध 100 प्रतिशत भरा, दो गेट खुले, सोन नदी में 210 क्यूमेक्स पानी छोड़ा


शहडोल: बाणसागर बांध 100 प्रतिशत भरा, दो गेट खुले, सोन नदी में 210 क्यूमेक्स पानी छोड़ा


- सोन नदी के किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट जारी

शहडोल, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्थित बाणसागर बांध पूरी क्षमता से भर गया है। इसके बाद जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार-शनिवार की रात बांध के दो रेडियल गेट खोल दिए। गेट नंबर 9 और 10 को आधा-आधा मीटर खोला गया है। इन दोनों गेटों से स्पिलवे के जरिए 210 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। विभाग ने बांध के निचले इलाकों में सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी से दूर रहने की अपील की है।

शन‍िवार सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 341.64 मीटर दर्ज किया गया। यह बांध के पूरे भरने के स्तर (एफआरएल) के बराबर है। जलाशय में 5429.60 एमसीएम पानी जमा है और बांध 100 प्रतिशत भरा हुआ है। पिछले साल इसी तारीख को जलस्तर 341.47 मीटर था।

बांध में पानी की आवक भी बढ़ गई है। शन‍िवार सुबह 532.52 क्यूमेक्स पानी बांध में आ रहा था। इसके मुकाबले कुल 532.52 क्यूमेक्स पानी बाहर छोड़ा जा रहा है। इसमें पावर हाउस-3 से 175.52, एचआर (सीडब्‍ल्‍यूसी) से 140, स्पिलवे से 210, आरबीसी से 1 और भितरी से 1 क्यूमेक्स पानी शामिल है। वाष्पीकरण के कारण करीब 5 क्यूमेक्स पानी की कमी हुई है।

गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा के मुख्य अभियंता के आदेश पर मैदानी कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बांध के निचले इलाकों में सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों को नदी में न जाने और उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखने की जानकारी देने को कहा है।

देवलोंद स्टेशन पर शन‍िवार सुबह 8 बजे तक कोई बारिश दर्ज नहीं हुई। हालांकि, अब तक कुल 855.14 मिमी बारिश हो चुकी है। बांध पूरी क्षमता से भरा होने और पानी की आवक बढ़ने के कारण गेट खोलकर नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है।

---------------

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story