सागर: युवा संवाद में सांसद राहुल लोधी बोले- 'कांग्रेस युवाओं को भ्रमित कर फैला रही अराजकता'

WhatsApp Channel Join Now
सागर: युवा संवाद में सांसद राहुल लोधी बोले- 'कांग्रेस युवाओं को भ्रमित कर फैला रही अराजकता'


सागर, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा के राजीव गांधी महाविद्यालय में सोमवार को 'अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' के तहत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को देश की रीढ़ बताते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए सही नीति, नीयत और जिम्मेदारी की जरूरत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लगातार देश के युवाओं को गुमराह कर रही है और देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।

भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा ने कहा कि स्वतंत्र विचार और सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है। शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने कहा कि कुछ अवसरवादी लोग देश की बढ़ती युवा शक्ति को कमजोर करना चाहते हैं, इसलिए युवाओं को सजग रहकर वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठना होगा।

विधायक वीरेन्द्र लंबरदार ने युवाओं को लोकतंत्र की सशक्त आधारशिला बताया और उन्हें अपने सामाजिक सरोकारों व राष्ट्रीय दायित्वों को निभाने के लिए प्रेरित किया।

भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी युवा है, जो भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा शिक्षित, कुशल और संस्कारी बनेंगे, तो 'विकसित भारत 2047' का सपना तय समय से पहले पूरा हो जाएगा। पन्ना जिले के प्रभारी जाहर सिंह ने नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को मिल रहे नए अवसरों पर चर्चा की।

कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के अध्यक्ष आयुष पांडे और प्रीतम लोधी ने किया, जबकि आभार युवा नेता दीपक दुबे ने माना। इस दौरान राजेन्द्र तिवारी, शैलेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र दुबे, विवेक मिश्रा, प्रीति जैन समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story