बालाघाट में पेड़ से टकराने के बाद एम्बुलेंस में लगी आग, ड्राइवर की जलकर मौत
बालाघाट, 19 मई (हि.स.)। मध्स प्रदेश के बालाघाट जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। मरीज को सुरक्षित घर छोड़कर लौट रही एक प्राइवेट एम्बुलेंस सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। एंबुलेंस पलटने के बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। हादसे में एम्बुलेंस चालक वाहन के भीतर ही फंस गया और जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हृदयविदारक हादसा ग्राम खर्रा और कनई के बीच बालाघाट-मंडला मार्ग पर सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे धू-धूकर जलती एम्बुलेंस दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस महाराष्ट्र के नागपुर से एक घायल मरीज को छोड़ने बालाघाट आई थी। मरीज को सुरक्षित उसके गांव पहुंचाने के बाद चालक वापस नागपुर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतक चालक की पहचान माइकल अन्ना उर्फ माइकल अंतुने मोरिस (56) निवासी कौसल्या नगर, अजनी, नागपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, संतरीटोला निवासी कमलेश कुशरे अपने जीजा शिव प्रसाद पंद्रे के साथ मजदूरी के लिए नागपुर गए थे। भवन निर्माण कार्य के दौरान शिव प्रसाद का पैर टूट गया था। इलाज के बाद सोमवार देर रात एम्बुलेंस से उन्हें गांव लाया गया। रात करीब 2 बजे गांव पहुंचने के बाद चालक माइकल ने कुछ देर आराम किया और सुबह करीब 4 बजे वापस नागपुर के लिए रवाना हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्बुलेंस तेज रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद का झोंका आया होगा, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस पलट गई और उसमें आग लग गई। चालक बाहर निकल नहीं सका और आग की चपेट में आ गया।
राहगीरों और तेंदूपत्ता तोड़ने गए लोगों ने जलती हुई एम्बुलेंस देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मध्य प्रदेश की परसवाड़ा थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परसवाड़ा थाना प्रभारी मदन इवने ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के तेज रफ्तार होने और अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

