बकरीद को लेकर वक्फ बोर्ड की अपील, सड़क पर नमाज न पढ़ें, कुर्बानी के वीडियाे सोशल मीडिया पर न डालें

WhatsApp Channel Join Now
बकरीद को लेकर वक्फ बोर्ड की अपील, सड़क पर नमाज न पढ़ें, कुर्बानी के वीडियाे सोशल मीडिया पर न डालें


भोपाल, 27 मई (हि.स.)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने बुधवार काे प्रदेशभर के मुस्लिम समाज के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। बोर्ड ने अपील की है कि ईद की नमाज सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर अदा न की जाए और कुर्बानी से जुड़े फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचा जाए।

वक्फ बोर्ड ने मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और वक्फ समितियों को निर्देश देते हुए कहा है कि त्योहार शांति, सौहार्द और प्रशासनिक नियमों के पालन के साथ मनाया जाए।

मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा करें नमाज

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ईद की नमाज केवल निर्धारित धार्मिक स्थलों मस्जिदों और ईदगाहों में ही पढ़ी जाए। सड़क या सार्वजनिक रास्तों पर नमाज अदा करने से यातायात और आमजन को परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में भीड़ की संभावना होने पर स्थानीय प्रशासन को पहले से सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुचारु रखी जा सकें।

कुर्बानी के वीडियाे वायरल न करने की सलाह

वक्फ बोर्ड ने कुर्बानी को लेकर भी अहम अपील की है। बोर्ड ने कहा है कि कुर्बानी केवल तय स्थानों पर ही की जाए और उसके फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल न किए जाएं। बोर्ड के मुताबिक, इस तरह की सामग्री से समाज में अनावश्यक विवाद और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

स्वच्छता और नियमों के पालन पर जोर

गाइडलाइन में कुर्बानी के बाद साफ-सफाई और अपशिष्ट के उचित निपटान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। सभी मुतवल्लियों और प्रबंध समितियों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके।

भोपाल में ‘इको फ्रेंडली ईद’ की अपील

उधर, भोपाल में श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी मुस्लिम समाज से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ‘इको फ्रेंडली ईद’ मनाने की अपील की है। समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story