बाबा साहब की जन्मस्थली महू में जीतू पटवारी ने किया नमन, भोपाल में प्रतिमा अनावरण में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहब की जन्मस्थली महू में जीतू पटवारी ने किया नमन, भोपाल में प्रतिमा अनावरण में हुए शामिल


भोपाल/महू, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार काे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर वर्ग की भागीदारी और समानता का मार्ग ही बाबा साहब का सच्चा सपना था।

इसके पश्चात जीतू पटवारी भोपाल पहुंचे, जहां आतिफ अकील द्वारा आयोजित बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ उन्होंने प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण की जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके बताए मार्ग- सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक समानता पर चलने का संकल्प लिया जाए।

भाजपा पर साधा निशाना

जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो लोग संविधान को चुनौती देते हैं, वे केवल दिखावे के लिए बाबा साहब को नमन करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा को वास्तव में बाबा साहब से प्रेम है, तो दलितों और ओबीसी वर्ग पर अत्याचार क्यों हो रहे हैं। पटवारी ने सरकार से मांग की कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के बैकलॉग पदों को एक माह के भीतर भरा जाए। उन्होंने कहा कि यही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संविधान की रक्षा सुनिश्चित की जाए और समाज के कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story