राजगढ़ में निकली बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी, महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में निकली बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी, महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


राजगढ़, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर व ब्यावरा में भादो माह के पहले सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई।

खिलचीपुर में पंचमुखी शिव मंदिर से फूलों से सजी पालकी में बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकले। शाही सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भगवान महादेव के जयकारों से गूंज उठा।पंचमुखी शिव मंदिर से शुरू हुई बाबा महाकाल की शाही सवारी इमली बस स्टैंड तक पहुंची। सवारी में धार्मिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। ट्रैक्टर में खाटू बाबा श्याम और श्रीनाथ जी की झांकियां सजाई गई थीं।

आयोजकों के अनुसार नगर भ्रमण के बाद सवारी पुनः मंदिर पहुंचेगी, जहां पूजा- अर्चना के साथ आयोजन का समापन होगा। ब्यावरा शहर में श्री महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में भुवनेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई। आकर्षक रूप से सजी पालकी में भगवान महादेव को विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। सवारी तुलसीनगर, मुक्तिधाम रोड, राधा कृष्ण मंदिर, राजगढ़ रोड, पीपल चैराहा, मेन मार्केट और अहिंसा द्वार होते हुए माता महाकाली मंदिर पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया। कई स्थानों पर आरती उतारी गई और प्रसाद का वितरण किया गया।

श्रद्धालुओं ने जगह- जगह भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सवारी के माता महाकाली मंदिर पहुंचने के बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाआरती में शामिल होकर माता महाकाली और बाबा महाकाल के जयकारे लगाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story