राजगढ़ः खाटू श्याम मंदिर में गोवर्धन पूजा पर लगा छप्पन भोग, श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः खाटू श्याम मंदिर में गोवर्धन पूजा पर लगा छप्पन भोग, श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा


राजगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रकृति, आस्था और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण का प्रतीक गोवर्धन पूजा का पर्व मंगलवार को ब्यावरा शहर के श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गिरिराज गोवर्धन का विधि- विधान से पूजन किया गया। भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गोवर्धन पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर भगवान गोवर्धन के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद भगवान की भव्य आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला- पुरुष श्रद्धालुओं ने शामिल होकर सामूहिक रूप से आरती की और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गिरिराज गोवर्धन की परिक्रमा की। पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने भी पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और आरोग्य की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजन में मंदिर समिति के सभी सदस्य और शहर के नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story