राजगढ़ : बाबा खाटू श्याम मंदिर में पद्मिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ : बाबा खाटू श्याम मंदिर में पद्मिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब


राजगढ़, 27 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर में पद्मिनी एकादशी के अवसर पर बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह मंगला आरती के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजन में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंजता रहा और भक्तों ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। बाबा खाटू श्याम का भव्य श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। मंदिर को रंगीन रोशनी और विद्युत सजावट से सजाया गया था, जिससे शाम के समय परिसर की भव्यता और भी निखर उठी।

दिनभर मंदिर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और विशेष आरतियों का आयोजन चलता रहा। दोपहर की आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह खचाखच भर गया। ब्यावरा सहित आसपास के गांवों और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

पद्मिनी एकादशी पर निकाली गई भव्य निशान यात्राएं श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रहीं। विभिन्न मोहल्लों और गांवों से श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। पिंजार गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किए गए। नगर रक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और छाया जैसी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। पद्मिनी एकादशी का यह पर्व पूरे नगर में भक्ति, उत्साह और धार्मिक उल्लास का केंद्र बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story