राजगढ़ः बाबा श्याम के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब,श्याम निशान लेकर पहुंचे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बाबा श्याम के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब,श्याम निशान लेकर पहुंचे श्रद्धालु


राजगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देवउठनी एकादशी और बाबा श्री खाटू श्याम के प्राकट्य उत्सव पर शुक्रवार को ब्यावरा शहर के खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू होते ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।

मंदिर समिति के अनुसार बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। उत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया। उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से मंदिर का दरबार सजाया गया। रंग- बिरंगे फूलों से सजे बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त परिवार सहित पहुंचे।

जयकारों से गूंजा मंदिर देवउठनी एकादशी पर श्रद्धालु हाथों में श्याम निशान लेकर मंदिर पहुंचे। कई भक्त समूह ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे। बाबा श्याम के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। महिलाओं और बच्चों में भी दर्शन को लेकर खास उत्साह नजर आया।

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने कतारों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। पुलिस जवानों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने दिनभर व्यवस्था संभाली। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर भी निगरानी रखी गई। सनातन परंपरा में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इसी अवसर पर बाबा खाटू श्याम का प्राकट्य उत्सव भी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story