मैहर में बाबा बागेश्वर का अनोखा अंदाज, एसपी के साथ क्रिकेट पिच पर लगाए चौके-छक्के

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में बाबा बागेश्वर का अनोखा अंदाज, एसपी के साथ क्रिकेट पिच पर लगाए चौके-छक्के


मैहर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने मैहर प्रवास के दौरान एक अलग ही अंदाज में नजर आए। धर्म और आध्यात्मिकता के मंचों पर अपनी ओजस्वी वाणी के लिए चर्चित पंडित धीरेंद्र शास्त्री गुरूवार देर रात हाथ में बल्ला और गेंद थामकर क्रिकेट की पिच पर उतरे। केजेएस आवासीय परिसर में उन्होंने मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के साथ दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला। इस दौरान दोनों ने शानदार शॉट लगाए और चौके-छक्के जड़कर माहौल को रोमांचक बना दिया।

जानकारी के लिए बता दें कि मैहर पहुंचने पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सुरक्षा गार्डों ने उन्हें विधिवत गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान प्रकट किया। इसके बाद वे केजेएस आवासीय परिसर पहुंचे, जहां देर रात उनका क्रिकेट खेलते हुए अनूठा अंदाज देखने को मिला।

केजेएस परिसर में आयोजित दोस्ताना मुकाबले में पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गेंदबाजी की कमान संभाली। उनकी गेंदों का सामना करते हुए मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी की और कई आकर्षक चौके-छक्के लगाए।

इसके बाद जब बाबा बागेश्वर बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे, तो उन्होंने भी आक्रामक अंदाज में शॉट लगाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। मैदान पर प्रशासनिक अधिकारी और प्रख्यात कथावाचक की यह खेल जुगलबंदी चर्चा का विषय बन गई। मैच से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच चर्चा में हैं।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का मैहर का यह पहला आधिकारिक दौरा बताया जा रहा है। उनके आगमन को लेकर भक्तों और अनुयायियों में खासा उत्साह है।

‘सनातन संवाद’ कार्यक्रम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर श्रद्धालुओं से संवाद करेंगे। आयोजन में मैहर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बैठने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। बाबा बागेश्वर के इस दौरे से मैहर में धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके क्रिकेट वाले अंदाज की भी खूब चर्चा हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हीरेद्र द्विवेदी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story