झाबुआः अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, ट्रक सहित पौने दो करोड़ का माल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
झाबुआः अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, ट्रक सहित पौने दो करोड़ का माल बरामद


झाबुआः अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, ट्रक सहित पौने दो करोड़ का माल बरामद


झाबुआ, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की सीमा से होकर गुजरात राज्य में हो रही शराब तस्करी के मामले पर लगाम लगाने एवं जिले में हो रहे अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा आपरेशन प्रहार चलाया गया है। उक्त आपरेशन को कम समय में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। ताजा मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा ट्रक सहित पौने दो करोड़ का माल बरामद किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक शिवदयालसिंह ने जिले में चलाए जा रहे आपरेशन प्रहार को सफल आपरेशन बताते हुए पत्रकारों को कहा कि झाबुआ पुलिस द्वारा चलाए गए आपरेशन प्रहार के तहत पिछले 3 माह में अवैध शराब के 160 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। ताज़ा मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़ा गया अवैध शराब का जखीरा है, जिसमें शराब और ट्रक सहित करीब पौने दो करोड़ का माल बरामद किया जाकर एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। एस पी ने कहा कि उक्त मामले में आगे जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है,और जिन लोगों के नाम सामने आएंगे पुलिस उन्हें पकड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और शराब तस्करी के विरुद्ध झाबुआ पुलिस का अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।

जिला पुलिस अधीक्षक ने आपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि मंगलवार एवं बुधवार की दरमियानी रात में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP09HG3449 इंदौर से गुजरात की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कोतवाली आर सी भास्करे पुलिस टीम (सहायक उपनिरीक्षक ज्ञान बहादुर एवं प्रवीण पाल, आरक्षक गणेश, खुर्बान एवं सुरेश बघेल) के साथ इंदौर–अहमदाबाद हाईवे (NH-47) फुलमाल फाटा पर पहुंचे और घेराबंदी कर वाहन को रोका गया, और जब उक्त ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें ऊपर भूंसे की बोरियां रखी हुई थी, जिन्हें हटाए जाने पर उसकी आड़ में छिपाकर रखी गई अवैध शराब की पेटियां मिलीं। जांच में लंदन प्राइड प्रीमियम व्हिस्की 130 पेटी, माउंट 6000 बीयर 150 पेटी तथा रॉयल सिलेक्ट डीलक्स व्हिस्की 500 पेटी कुल 7470 बल्क लीटर अवैध शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,02,05,000/- है। साथ ही भुसा, तिरपाल, मोबाइल तथा ट्रक सहित कुल ₹1,63,35,000/- का मशरूका जब्त किया गया।आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 930/2025 धारा 34(2), 36 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

एस पी ने कहा कि झाबुआ पुलिस द्वारा चलाए गए आपरेशन प्रहार के तहत पिछले 3 माह में अवैध शराब के 160 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। ताज़ा मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़ा गया अवैध शराब का जखीरा है, जिसमें शराब और ट्रक सहित करीब पौने दो करोड़ का माल बरामद कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। एस पी ने कहा कि मामले में आगे जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है,और जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, पुलिस उन्हें पकड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और शराब तस्करी के विरुद्ध झाबुआ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Share this story