शिवपुरी में यातायात में बाधा बन रहे 12 ऑटो रिक्शा जब्त
शिवपुरी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 12 सवारी ऑटो रिक्शा जब्त कर परिवहन कार्यालय में खड़े करवाए गए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर और उनकी टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों तथा चौराहों पर 28 ऑटो रिक्शा की जांच की।
जांच के दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 12 ऑटो रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित यातायात और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी वैध दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

