प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की कोशिश का आरोप, तीन युवकों पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की कोशिश का आरोप, तीन युवकों पर कार्रवाई की मांग


जबलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी गांव में कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे तीन युवकों ने गांव में सभा आयोजित कर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। मामले में स्थानीय लोगों ने मंगलवार को अपर कलेक्टर अरविंद सिंह को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि राधे झारिया निवासी लमेटा, जबलपुर, नीलेश काकोड़िया निवासी गोरखपुर और प्रीतम उईके निवासी सिवनी ने मुंगवानी गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति के लोगों को एकत्रित कर सभा की। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, सभा में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सनातन हिंदू संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप है।

ज्ञापन में राधे झारिया के आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई कि इस तरह की गतिविधियों और कथित बयानों से विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा हो सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story