भोपाल महापौर की कार में आग लगाने की कोशिश, निगम मुख्यालय में कार की छत पर जलते कागज फेंके

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल महापौर की कार में आग लगाने की कोशिश, निगम मुख्यालय में कार की छत पर जलते कागज फेंके


भोपाल, 07 सितंबर (हि.स.)। भाेपाल नगर निगम मुख्यालय की पार्किंग में सोमवार दोपहर महापौर मालती राय की अटैच्ड कार में आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया। घटना के दौरान कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखकर उसमें आग लगा दी गई। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझा दी, जिससे कार को नुकसान होने से बच गया। आग बुझाने के दौरान संबंधित कर्मचारी के हाथ भी झुलस गए।

घटना साेमवार दाेपहर काे करीब पौने तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय महापौर मालती राय निगम मुख्यालय की पहली मंजिल स्थित अपने कार्यालय में थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील रैकवार निगम मुख्यालय पहुंचा और अपनी मांगों को लेकर हंगामा करने लगा। इसके बाद उसने कार की छत पर कागजों से भरी पॉलीथिन रखकर उसमें आग लगा दी। आग लगाने के बाद उसने मंत्री और महापौर के विरोध में नारेबाजी भी की।

नियमितीकरण समेत चार मांगें

सुनील रैकवार कर्मचारी संगठन ‘सम्राट अशोक संगठन’ से जुड़ा बताया जा रहा है। वह दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा था। उसकी प्रमुख मांगों में 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी करना, सभी कर्मचारियों के लिए आठवां वेतनमान लागू करना, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की व्यवस्था करना और नगर निगम में कर्मचारियों से कथित तौर पर दलालों को दूर करना शामिल है।

कर्मचारी ने खुद बुझाई आग

कार की छत पर आग लगते ही निगम कर्मचारी उसे बुझाने के लिए दौड़े। संबंधित कर्मचारी ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उसके हाथ झुलस गए। कर्मचारियों की तत्परता से आग कार के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी। बाद में महापौर की कार को पार्किंग से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया।

हाथ में लगी थी सिरिंज

घटना के दौरान सुनील रैकवार के एक हाथ में सिरिंज लगी हुई दिखाई दी। इससे उसके हाल ही में किसी अस्पताल में उपचार कराने की बात सामने आई, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

सीसीटीवी फुटेज देखे गए, पुलिस कार्रवाई की तैयारी

घटना के बाद निगम मुख्यालय की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। महापौर मालती राय कुछ देर अपने कार्यालय में रहीं और उन्होंने घटना को लेकर मीडिया से बातचीत नहीं की। मामले में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story