राजगढ़ः युवक पर डंडे से हमला कर चार बकरे लूट ले गए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः युवक पर डंडे से हमला कर चार बकरे लूट ले गए बदमाश


राजगढ़, ०1 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस पर लूट की वारदात सामने आई है। ग्राम परसुलिया-बरग्या रोड स्थित फार्म हाउस पर पहुंचे कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति पर डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया और वहां बंधे चार बकरे लूटकर फरार हो गए। घायल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने सोमवार को अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम परसुलिया निवासी 45 वर्षीय रघुवीरसिंह पिता कुमेरसिंह राजपूत ने बताया कि बीती रव‍िवार रात अपने घर से खाना लेकर बरग्या रोड स्थित फार्म हाउस पहुंचा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से रघुवीरसिंह बेसुध हो गए, जिसका फायदा उठाकर बदमाश फार्म हाउस पर बंधे छह बकरे-बकरियों में से चार बकरे खोलकर ले गए, जिनकी कीमत करीब 25 हजार रुपए है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 309 (6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story