हरदा-भोपाल यात्री बस पर 20-25 लोगों ने किया हमला, परिचालक से मारपीट और 12 हजार रुपए छीनने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
हरदा-भोपाल यात्री बस पर 20-25 लोगों ने किया हमला, परिचालक से मारपीट और 12 हजार रुपए छीनने का आरोप


सीहोर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हरदा से भोपाल जा रही इंदिरा बस सर्विस की यात्री बस को बोरी गांव के काला गेट के पास रोककर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 20 से 25 लोगों ने बस को रोककर चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। इस दौरान बस पर पत्थर फेंके गए और परिचालक के पास रखे हिसाब के करीब 12 हजार रुपए छीन लिए गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, बस बुधवार सुबह हरदा से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही थी। इसी दौरान बोरी गांव के काला गेट के पास कुछ लोगों ने बस रोक ली। आरोप है कि इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। बस पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ भी की गई। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक बस को मौके पर रोके रखा गया और इस दौरान हंगामे की स्थिति बनी रही।

बस में अचानक हुई इस घटना से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मारपीट और पत्थरबाजी के बीच यात्री दहशत में आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने बस के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के साथ वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। बाद में चालक और परिचालक यात्रियों को लेकर वहां से रवाना हुए।

घटना के दौरान परिचालक के पास बस के हिसाब-किताब के करीब 12 हजार रुपए रखे थे। आरोप है कि हमले के दौरान यह राशि भी छीन ली गई। बस में तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और विवाद की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

बस मालिक ने थाने में की शिकायत

मामले में बस मालिक की ओर से रेहटी थाने में शिकायत किए जाने की जानकारी है। पुलिस शिकायत के आधार पर घटना की परिस्थितियों, मारपीट और रुपए छीनने के आरोपों की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

वीडियो के आधार पर भी जुटाई जा रही जानकारी

बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि घटना का वीडियो मिला है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story