राजगढ़ः अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा, दुकानदारों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा, दुकानदारों ने लगाया जाम


राजगढ़,24 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया कस्बे में शुक्रवार को भी प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा। मंडी क्षेत्र के बाहर दुकानों के सामने किए गए अवैध कब्जों पर जेसीबी चलाकर करीब 40 दुकानों के आगे बने टीनशेड, चबूतरे और अन्य अस्थायी निर्माण हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बसों और अन्य वाहनों का आवागमन शहर की अंदरूनी गलियों से कराया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रामनिवास धाकड़, नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेन्द्र चक्रवर्ती, थाना प्रभारी अनिल राहोरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। प्रशासन का कहना है कि नगर परिषद पहले ही लगभग 250 दुकानदारों को नोटिस जारी कर चुकी है। इसके अलावा मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दी गई थी। जाम समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की अंतिम मोहलत दी है। सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर परिषद स्वयं कार्रवाई करेगी और पूरी कार्रवाई का खर्च संबंधित दुकानदारों से वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story