आगरमालवाः घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट के मामले में हाईवे पर चक्काजाम
आगरमालवा, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में घुम्मकड़ समाज (गारूडिया लुहार) के घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट करने पर हिन्दू समाज द्वारा शनिवार को उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552-जी पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी मिलते ही तहसीलदार और कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी शशि उपाध्याय मौके पर पहुंचे।
हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने बुलडोचर द्वारा अवैध अतिक्रमण व कब्जे हटाने की मांग करते हुए जिला मुख्यालय स्थित बस स्टेण्ड के पास चक्काजाम लगा दिया। अधिकारियों से रविवार को कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद चक्काजाम खोला गया।
हिन्दू जागरण मंच के लव बैरागी से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टेण्ड के समीप घुम्मकड़ समाज (गारूडिया लुहार) के परिवार पिछले कई वर्षो से यहां रहते है। वही ईदगाह के पीछे अवैध अतिक्रमण कर रह रहे लोगों ने बच्चों के पीछे की और आने-जाने की बात को लेकर कल घुम्मकड समाज की महिलाओं से मारपीट की थी। जिसके विरोध में आज शनिवार को सर्व हिंदू समाज ने शासकीय गोचर एवं चारागाह भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में प्रदर्शन करते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुछ समय के लिए सड़क पर बैठकर यातायात बाधित किया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार विजय सेनानी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्राप्त किया। इस ज्ञापन में बस स्टैंड के पास हाईवे से लगी हुई शासकीय गोचर एवं चारागाह भूमि से कथित अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि सर्वे क्रमांक 1641/1 (3.0310 हेक्टेयर), 1649/2 (0.2090 हेक्टेयर) और 1649/3 (1.7990 हेक्टेयर) की कुल लगभग 5.039 हेक्टेयर (करीब 25 बीघा) शासकीय भूमि पर वर्तमान में साप्ताहिक पशु हाट-बाजार लगता है। संगठन का आरोप है कि इस भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में इस भूमि का अनुमानित मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपये बताते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है। सर्व हिंदू समाज ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो गोचर भूमि को मुक्त कराने के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

