अशोकनगर: सिंधिया का चार दिवसीय दौरा गुरुवार से

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: सिंधिया का चार दिवसीय दौरा गुरुवार से


अशोकनगर,14 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में क्षेत्रिय सांसद एवं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 15 से 18 अक्टूबर तक जिले के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय कार्यक्रमों, जनसंपर्क, विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरण और विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिंधिया 15 अक्टूबर की रात 10: 40 बजे अशोकनगर पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

16 अक्टूबर को दौरे की शुरुआत पछाड़ीखेड़ा स्थित लवकुश मंदिर से होगी। सुबह 9: 50 बजे वे मंदिर के लिए रवाना होंगे और दर्शन के साथ स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शनि मंदिर होते हुए कस्तूरी गार्डन पहुंचेंगे। यहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे करीला माता मंदिर में दर्शन करेंगे और जनजातीय समाज के कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री बहादुरपुर और मुंगावली पहुंचेंगे। मुंगावली में दिशा समिति की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। शाम को वे सेहराई पहुंचकर शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। इसके बाद चंदेरी पहुंचकर किला कोठी में रात्रि विश्राम करेंगे।

17 अक्टूबर को चंदेरी से लेकर अशोकनगर तक कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह केंद्रीय मंत्री आमजन से जनसंपर्क करेंगे और स्थानीय बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद चंदेरी के शासकीय अस्पताल का साइट विजिट करेंगे। महोली में लोधी समाज के कार्यक्रम और सेमरखेड़ी-ढाकोनी में ग्राम चौपाल में शामिल होने के बाद वे अशोकनगर पहुंचेंगे।

अशोकनगर में केंद्रीय मंत्री नवीन डाकघर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुभाषगंज में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। शाम को अमर मैरिज गार्डन में आयोजित नवरात्रि गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अशोका गार्डन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

18 अक्टूबर को दौरे के अंतिम दिन सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पहुंचकर आमजन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शासकीय विधि महाविद्यालय पहुंचकर कौशल विकास केंद्र की नींव रखेंगे। वे आपदा मित्रों के साथ संवाद करेंगे और आपदा प्रबंधन किटों का वितरण भी करेंगे।

इसके बाद विमानों का चबूतरा पहुंचकर थीम रोड निर्माण एवं नगर सौंदर्यीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के अंतिम चरण में वे शाढ़ौरा पहुंचकर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य से संबंधित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

चार दिनों के इस दौरे में सिंधिया का फोकस जनसंपर्क के साथ विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, सामाजिक कार्यक्रमों और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सीधे संवाद पर रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760937 Articles

Share this story