जैन मुनि पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन आरोपी चिन्हित

WhatsApp Channel Join Now
जैन मुनि पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन आरोपी चिन्हित


अशोकनगर, 11 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर जिले में जैन संत आचार्य श्री सुधासागर जी महाराज के संबंध में सोशल मीडिया के व्हाट्सएप समूहों में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जैन समाज की शिकायत के बाद दर्ज प्रकरण में अब तक तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न शहरों में दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साइबर सेल की तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद तीन संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें सागर निवासी डॉ. रेखा जैन, समीर जैन और राहुल जैन के नाम सामने आए हैं।

पांच शहरों में पुलिस की दबिश

आरोपियों की तलाश के लिए गठित पुलिस टीमों ने सागर, बीना, दमोह, जबलपुर और उत्तर प्रदेश के ललितपुर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

विभिन्न धाराओं में दर्ज है मामला

कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 346/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 352 और 353(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

जांच जारी, और लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की संभावना को भी ध्यान में रखते हुए डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जैन समाज ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून के अनुसार निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story