अशोकनगर : रक्षाबंधन पर पुलिस का अनोखा उपहार, 15.60 लाख के 130 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर : रक्षाबंधन पर पुलिस का अनोखा उपहार, 15.60 लाख के 130 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए


अशोकनगर, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर पुलिस ने जिलेवासियों को खास सौगात दी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा की पहल पर साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के जरिए नागरिकों के गुम हुए 130 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 15 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। पुलिस की इस कार्रवाई को नागरिकों ने रक्षाबंधन के अवसर पर मिला अनोखा उपहार बताया।

मध्य प्रदेश के साथ दूसरे राज्यों से भी बरामद हुए मोबाइल

पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की तलाश के लिए साइबर सेल और थाना स्तर की टीमों ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया। जांच के दौरान अशोकनगर के अलावा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा अन्य राज्यों से भी गुम हुए मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल बरामद करने वाली साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस की टीमों के कार्य की सराहना की। उन्होंने टीम के सदस्यों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।

गुम मोबाइल की शिकायत के लिए थाने में आवेदन या ऑनलाइन सुविधा

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने नागरिकों को गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय या साइबर सेल के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि नागरिक अपने नजदीकी थाने में आवेदन, पहचान संबंधी दस्तावेज और मोबाइल फोन का बिल उपलब्ध कराकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे गुम या चोरी हुए मोबाइल को अवरुद्ध कराने तथा उसे खोजने के लिए शिकायत दर्ज की जा सकती है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story