राजस्थान में कथित बंधक बनाए गए छह मजदूर मुक्त, अशोकनगर पुलिस घर लेकर पहुंची
अशोकनगर, 26 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना में कथित रूप से बंधक बनाकर मजदूरी कराए जा रहे मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के ग्राम सहसूदी निवासी छह मजदूरों को पुलिस ने सुरक्षित मुक्त करा लिया। कार्रवाई के बाद शनिवार को सभी मजदूरों को अशोकनगर लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सहसूदी के छह मजदूर नीमकाथाना में गंभीर परिस्थितियों में फंसे हुए हैं। आरोप था कि उनसे कथित रूप से बंधक बनाकर मजदूरी कराई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने तत्काल मजदूरों की सुरक्षित रिहाई और उन्हें घर वापस लाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी चंदेरी महेश शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी ईसागढ़ उपनिरीक्षक मनीष सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम राजस्थान के लिए रवाना हुई। टीम ने नीमकाथाना पहुंचकर वहां की स्थानीय कोतवाली पुलिस से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम सहसूदी निवासी परमानंद आदिवासी, उमेश आदिवासी, जयसिंह आदिवासी, सुनील आदिवासी, निकिता आदिवासी और भगवत आदिवासी को सुरक्षित मुक्त कराया गया। इसके बाद पुलिस सभी छह मजदूरों को लेकर अशोकनगर पहुंची और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मजदूरों के सकुशल वापस लौटने की खबर मिलते ही उनके परिवारों में राहत का माहौल बन गया। लंबे समय से अपनों की चिंता में परेशान परिजनों ने मजदूरों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया।
अशोकनगर पुलिस के अनुसार, दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने की कार्रवाई पहले भी की गई है। इससे पहले महाराष्ट्र के मुंगावली क्षेत्र में फंसे 36 महिला, पुरुष एवं बच्चों को सुरक्षित वापस लाया गया था। इसी तरह सोलापुर क्षेत्र में फंसे 35 मजदूरों को भी पुलिस ने सकुशल उनके घर पहुंचाया था।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

