अशोकनगर में बस कंडक्टर से मारपीट पर हैहय कलचुरी समाज का फूटा आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर में बस कंडक्टर से मारपीट पर हैहय कलचुरी समाज का फूटा आक्रोश


अशोकनगर, 16 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर शहर में बस कंडक्टर के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर हैहय कलचुरी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को समाज के सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार, घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है। पीड़ित बस कंडक्टर जगदीश राय ने आरोप लगाया कि बस में सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान सोनदीप यादव, कल्ली यादव और भूरा यादव ने मिलकर उनके साथ अभद्रता और हिंसक व्यवहार किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं।

मंगलवार को हैहय कलचुरी समाज के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने हिस्सा लिया। समाज के अध्यक्ष देवेंद्र शिवहरे और वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामस्वरूप शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज आगे आंदोलन करने पर विचार करेगा।

प्रदर्शन के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश को ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story