अशोकनगर रेडक्रॉस फंड विवाद: 10 लाख के ट्रांसफर पर सियासत तेज, जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर रेडक्रॉस फंड विवाद: 10 लाख के ट्रांसफर पर सियासत तेज, जांच की मांग


अशोकनगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के फंड से 10 लाख रुपये शिवपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के लिए ट्रांसफर किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने से विवाद गहराता नजर आ रहा है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की जयंती पर शिवपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के लिए अशोकनगर रेडक्रॉस सोसायटी के खाते से 10 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित की गई। इस ट्रांसफर को लेकर पारदर्शिता और प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

रेडक्रॉस से जुड़े पदाधिकारियों का आरोप है कि नई कार्यकारिणी को चार माह बाद भी विधिवत कार्यभार नहीं सौंपा गया, जबकि उनकी जानकारी के बिना फंड ट्रांसफर कर दिया गया। इस संबंध में चेयरमैन श्याम कुमरे और राज्यपाल को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी गई है। संबंधित दस्तावेज सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।

क्षेत्रीय विधायक इंजी. हरिबाबू राय ने इस मामले में पहले ही प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं, भीम आर्मी ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के नेता सुनील बैरसिया ने चेतावनी दी है कि यदि राशि वापस नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा और मामले को मुख्यमंत्री स्तर तक उठाया जाएगा।

पूरा विवाद सामने आने के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यह मुद्दा अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है और रेडक्रॉस जैसी सेवा संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है।

फिलहाल मामले को लेकर जांच और स्पष्ट जवाब की मांग की जा रही है, जबकि आने वाले दिनों में इस पर और राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story