अशोकनगर: हृदय स्थल गांधी पार्क पर फिर खाकी का पहरा, पुराने थाना परिसर में अब पुलिस चौकी

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: हृदय स्थल गांधी पार्क पर फिर खाकी का पहरा, पुराने थाना परिसर में अब पुलिस चौकी


अशोकनगर,14 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला मुख्यालय शहर के बीच से गुजर रही रेलवे लाइन के कारण शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ है। ऐसे में शहर के हृदय स्थल गांधी पार्क चौराहे पर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब गांधी पार्क स्थित पुराने पुलिस थाना परिसर में पुलिस चौकी खोलने के आदेश पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए हैं।

नवरात्रि पर्व के दौरान शहर के बाजारों में बढऩे वाली भीड़, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने यह निर्णय लिया है। पुलिस चौकी के शुरू होने से गांधी पार्क, आसपास के बाजार क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।

पुराने थाना परिसर चौकी में तब्दील:पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने बुधवार को हिन्दुस्तान समाचार को बताया कि फिलहाल गांधी पार्क स्थित पुराने थाना परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी समय में इसे स्थायी रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चौकी पर तत्काल पुलिस स्टाफ की तैनाती के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

नवरात्रि में बाजारों की सुरक्षा पर विशेष नजर:नवरात्रि के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस चौकी के माध्यम से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा, निगरानी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से शाम के समय बाजारों में बढऩे वाली भीड़ के बीच पुलिस की त्वरित मौजूदगी महत्वपूर्ण होगी। किसी घटना, विवाद, यातायात जाम या महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायत पर पुलिस को मौके तक पहुंचने में भी आसानी होगी।

रेलवे लाइन के कारण बढ़ती जरूरत: शहर के बीच से रेलवे लाइन गुजरने के कारण शहर का एक बड़ा हिस्सा दूसरे हिस्से से अलग हो जाता है। ऐसे में शहर के मध्य क्षेत्र में पुलिस की स्थायी मौजूदगी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब पुराने थाना परिसर में पुलिस चौकी शुरू होने से शहर के मध्य हिस्से में पुलिस की सीधी और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

चौकी रहेगी तो पुलिस रहेगी मौके पर:पुलिस चौकी शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्र में पुलिस को किसी घटना की सूचना मिलने पर दूर स्थित थाने से पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चौकी में पुलिस स्टाफ की मौजूदगी के कारण त्वरित रिस्पॉन्स और प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story