अशोकनगर: आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 1 करोड़ के ट्रांजैक्शन का खुलासा

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर: आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 1 करोड़ के ट्रांजैक्शन का खुलासा


अशोकनगर, 01 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी पुलिस ने संगठित ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 01 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

ऐसे हुआ कार्रवाई का खुलासा:

बताया गया कि गुरुवार को भ्रमण के दौरान उप निरीक्षक कदम सिंह मीना को सूचना मिली कि दिल्ली दरवाजा क्षेत्र के तिलक ढाबा के पास मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर जितेंद्र धाकड़ (मुरैना) और सौरभ सैन (मुंगावली) को घेराबंदी कर पकड़ा, तलाशी के दौरान इनके पास से तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा कार बरामद की गई।

एक करोड़ का डिजिटल साम्राज्य:

आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन की लिंक, विभिन्न आईडी और भारी-भरकम लेन-देन का विवरण मिला है. पूछताछ में पता चला कि ये लोग दीपक धाकड़ (केलारस, मुरैना) से सट्टा आईडी प्राप्त करते थे, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है. मामले में मुंगावली निवासी निखिल पंवार की संलिप्तता भी पाई गई है, जिसकी तलाश जारी है.

न्यायिक कार्रवाई:

आरोपियों के विरुद्ध थाना चंदेरी में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत पब्लिक गैंबलिंग एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story