अशोकनगर: कर्तव्य के साथ करवा चौथ की आस्था का सम्मान, महिला पुलिसकर्मियों को फील्ड ड्यूटी से छूट
अशोकनगर, 29 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में वर्दी का फर्ज निभाने वाली महिला पुलिसकर्मियों के लिए करवा चौथ पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने संवेदनशील पहल की है। पर्व के दिन जिले की महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को फील्ड और बाह्य ड्यूटी से छूट दी गई है।
महिला पुलिसकर्मी अपने निर्धारित थानों, शाखाओं और कार्यालयों में मौजूद रहकर आवश्यक विभागीय कार्य करेंगी, लेकिन उन्हें फील्ड एवं बाहरी ड्यूटी की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। एसपी के इस फैसले को महिला पुलिसकर्मियों की धार्मिक आस्था और पारिवारिक भावनाओं के सम्मान से जोडक़र देखा जा रहा है।
वर्दी का फर्ज भी, परिवार की परंपरा भी:एसपी राजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्य सर्वोपरि हैं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की धार्मिक आस्था और पारिवारिक जिम्मेदारियों का सम्मान करना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से करवा चौथ पर यह विशेष व्यवस्था की गई है।
रक्षाबंधन पर भी मिली थी विशेष रियायतगौरतलब है कि इससे पहले रक्षाबंधन पर्व पर भी महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष रियायत दी गई थी। लगातार पर्वों पर महिला पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने वाली इस पहल को पुलिस विभाग में मानवीय सोच और सकारात्मक कार्य वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि महिला पुलिसकर्मियों को करवा चौथ पर यथासंभव सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने जिले की सभी महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध पारिवारिक जीवन की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

